
अयोध्या मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम का जन्म स्थान है। (Places To Visit In Ayodhya) प्रभु श्री राम का नाम सनातन धर्म के जीवन पद्धति के प्रत्येक कण में व्याप्त है। इसलिए अयोध्या सनातन धर्मियों के लिए एक महत्वपूर्ण तीर्थ स्थान है।
अयोध्या बहुत ही प्राचीन नगर है। प्राचीन भारतीय ग्रंथों में अयोध्या का उल्लेख है। प्राचीन काल से लेकर वर्तमान समय तक अयोध्या नगर ने समय के अनेक उतार-चढ़ाव और सुख-दुख का सामना किया है।
प्राचीन काल में अयोध्या को साकेत और कोशल के नाम से भी जाना जाता था। अयोध्या नगर उत्तर प्रदेश के अयोध्या (पूर्व नाम फैजाबाद) जिले में स्थित है।
एक बहुत ही लंबी कानूनी लड़ाई लड़ने के बाद अयोध्या में बहुत ही दिव्य और भव्य श्री राम मंदिर का निर्माण राम जन्मभूमि स्थल पर हुआ है। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के अलावा भी अन्य अनेक दिव्य और आध्यात्मिक दर्शनीय स्थल अयोध्या में उपस्थित हैं जिनके बारे में इस पोस्ट में आप आगे अध्ययन करेंगे।
अयोध्या में घूमने लायक और दर्शन करने लायक प्रमुख दर्शनीय स्थल ( Places To Visit In Ayodhya ) इस प्रकार से हैं-
श्री राम जन्मभूमि मंदिर

ऐसा माना जाता है कि यह मंदिर भगवान राम के जन्म के स्थान पर बना हुआ है। इस मंदिर में रामलला की बहुत ही खूबसूरत और बहुत ही मनमोहक प्रतिमा स्थापित की गई है।

रामलला की प्रतिमा के अतिरिक्त भी अब अन्य अनेक प्रतिमाओं की स्थापना इस मंदिर परिसर में हुई है। राम दरबार और अन्य प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा और स्थापना 3 से 5 जून 2025 को किया गया है।

एक लंबी कानूनी लड़ाई के बाद सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर इसी स्थान पर राम जन्मभूमि मंदिर का निर्माण हो रहा है। हालांकि अभी भी मंदिर का निर्माण जारी है लेकिन अभी तक जितना भी मंदिर बन पाया है वह ही अपने आप में बहुत ही दिव्य, बहुत ही भव्य,और बहुत ही आध्यात्मिक अनुभूति करने वाला मंदिर है।
बहुत ही कड़ी सुरक्षा जांच की बाद ही आपको इस मंदिर में प्रवेश करने को मिलेगा। मंदिर में प्रवेश करने से पहले ही आपको अपने मोबाइल और अन्य सामान काउंटर पर जमा करना होता है। इस मंदिर में जाने के लिए आपको माला फूल और प्रसाद बाहर से खरीद करके नहीं ले जाना होता है प्रसाद आपको मंदिर के अंदर ही दर्शन करने के बाद निःशुल्क (फ्री में ) मिलेगा।
हनुमानगढ़ी मंदिर

यह हनुमान जी का मंदिर है। इस मंदिर में आने के बाद आप अपने अंदर सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव करेंगे। इस मंदिर में दर्शन करने के लिए आपको लगभग 50 सीढ़ियां चढ़कर जाना होगा।
रविवार मंगलवार, शनिवार और किसी विशेष पर्व या विशेष अवसर पर इस मंदिर में बहुत भीड़ होती है इसलिए अगर आपको इन दिनों में यहाँ दर्शन करने के लिए आना है तो आपके 2 या 3 घंटे समय लग सकते हैं।
ऐसा माना जाता है कि 14 वर्ष का वनवास पूर्ण करने के बाद जब रामचंद्र जी अयोध्या वापस आए तब उन्होंने अयोध्या की सुरक्षा की जिम्मेदारी हनुमान जी को सौप दिया। और तब से हनुमान जी वहीं पर एक ऊंचे टीले पर बैठकर अयोध्या की रखवाली करते हैं। हनुमान चालीसा में भी तुलसीदास जी ने लिखा है कि- “राम दुआरे तुम रखवारे, होत न आज्ञा बिनु पैसारे”।
दशरथ महल

हनुमानगढ़ी मंदिर से लगभग 100 मीटर की दूरी पर दशरथ महल स्थित है। ऐसा माना जाता है कि भगवान राम, भरत, लक्ष्मण और शत्रुघ्न चारों भाइयों का जन्म इसी महल में हुआ था और चारों भाइयों का बचपन भी इसी महल में व्यतीत हुआ था। भगवान राम की बचपन की लीला स्थल का साक्षी है यह महल। यह बहुत ही भव्य महल है इस महल में राजा दशरथ के परिवार के सभी सदस्यों से संबंधित तस्वीरें अंकित हैं।
कनक भवन

यह सुनहरे रंग का बहुत ही भव्य भवन है। ऐसा माना जाता है कि इस भवन को रानी कैकेयी ने माता सीता को उनके विवाह के उपरांत मुंह दिखाई के रूप में उपहार स्वरूप दिया था। यह बहुत ही खूबसूरत भवन है।
सरयू घाट

अयोध्या सरयू नदी के किनारे पर बसा हुआ नगर है। अयोध्या में सरयू नदी पर अनेक खूबसूरत घाट बनाए गए हैं इन घाटों पर भी आप स्नान करके और दर्शन करके पूरे लाभ अर्जित कर सकते हैं।
राम की पैड़ी के पास स्थित अयोध्या का मुख्य घाट है। यहाँ रोज शाम को सरयू आरती होती है यहाँ पर सरयू आरती का दृश्य बहुत ही भव्य और खूबसूरत होता है। यदि आप अयोध्या दर्शन करने आए और अगर आपको शाम को अयोध्या रुकना हो तो आप सरयू घाट की आरती को अवश्य देखें।
सरयू घाट से आधे किलोमीटर की दूरी में राम की पैड़ी नागेश्वर नाथ मंदिर और लता मंगेशकर चौक है यदि आप सरयू घाट पर आए तो इन स्थानों पर भी अवश्य जाएं
राम की पैड़ी

राम की पैड़ी सरयू घाट के पास स्थित एक बहुत ही खूबसूरत स्थान है। यदि आप अयोध्या आएं तो राम की पैड़ी पर अवश्य आएं। यहां आप अपने परिवार और बच्चों के साथ स्नान और पानी में मौज मस्ती कर सकते हैं। यह अयोध्या का बहुत अच्छा पिकनिक स्पॉट है। यहां पर हमेशा काफी भीड़ रहती है। राम की पैड़ी पर ही नागेश्वर नाथ मंदिर स्थित है।
दीपावली से एक दिन पहले अर्थात छोटी दीपावली के दिन राम की पैड़ी पर अयोध्या दीपोत्सव का आयोजन होता है जहां पर की लाखों दिए जलाए जाते हैं सन 2024 के दीपोत्सव में राम की पैड़ी पर लगभग 23 लाख दिए जलाए गए थे जो की गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में अंकित एक रिकॉर्ड है
नागेश्वरनाथ मंदिर

यह मंदिर अयोध्या में राम की पैड़ी पर स्थित है। यह मंदिर भगवान शिव को समर्पित है। यहां पर यहां पर रजत-वर्ण शिवलिंग स्थित है। यहां पर आप शिवलिंग का दर्शन और जलाभिषेक करके पुण्य-लाभ अर्जित कर सकते हैं।
लता मंगेशकर चौक

लता मंगेशकर चौक राम की पैड़ी के पास स्थित एक खूबसूरत चौराहा है। स्वर साम्राज्ञी लता मंगेशकर के नाम पर इसका नाम रखा गया है। इस चौक पर एक विशाल वीणा बनाया गया है।
भरत कुंड

यह वह स्थान है जहां श्री राम जी के 14 वर्ष के वनवास के समय (के 14 वर्षों तक) भरत जी ने श्री राम जी के खड़ाऊं की पूजा करते हुए तपस्या की थी। यह स्थान अयोध्या से लगभग 18 किलोमीटर की दूरी पर अयोध्या सुल्तानपुर मार्ग पर नंदी गांव में स्थित है। यह एक बहुत ही दिव्य स्थान है जहां पर बैठने से मन में शांति आती है।


यहां एक बहुत ही विशाल कुंड के साथ साथ और अनेक मन्दिरों के समूह भी हैं। यहां पर एक ही परिसर में भरत तपस्या स्थल भरत गुफा, खड़ाऊं दर्शन मंदिर, राम-भरत मिलन मंदिर, भरत-हनुमान मिलन मंदिर, तीर से गिरे हनुमान जी मंदिर जैसे अनेक पवित्र मंदिरों में आप एक साथ दर्शन पूजन कर सकते हैं।
सूर्य कुंड अयोध्या


सूर्य कुंड अयोध्या में घूमने लायक एक बहुत ही खूबसूरत और हरा भरा स्थान है। यह अयोध्या से जौनपुर मार्ग पर अयोध्या से लगभग 10 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। यहां एक बहुत ही खूबसूरत कुंड है, इस कुण्ड में प्रतिदिन शाम के समय म्युजिकल लाइट शो आयोजित होता है। इस कुण्ड में खूब ढेर सारी खुबसूरत मछलियां हैं, यदि आप इन्हें चारा डालेंगे तो ये आप के पास आएंगी। इस कुण्ड के परिसर में बच्चों के लिए खेलने के लिए झूले भी हैं और एक रेस्टोरेंट भी है। इस कुण्ड के परिसर में सूर्य देव और शनि देव के मंदिर भी हैं। यहां के पार्क में आप सुकून के कुछ पल बिता सकते हैं।
इसके साथ ही साथ आप अयोध्या में अन्य अनेक स्थानों पर भी जा सकते हैं जो कि इस प्रकार से हैं-
गुप्तार घाट
सीता की रसोई
लक्ष्मण मंदिर
स्वर्ग द्वार
अम्माजी मंदिर
मणिराम दास छावनी
वाल्मीकि भवन
जैन मंदिर
सैन्य मंदिर
सीता वल्लभ कुंज
त्रेता के ठाकुर मंदिर
राजद्वार मंदिर
तुलसी स्मारक भवन संग्रहालय
इस प्रकार आप अयोध्या में उपरोक्त मंदिरों और स्थानों पर घूम कर दर्शन, पूजन और मनोरंजन कर सकते हैं। अयोध्या के लगभग सभी मंदिर दोपहर में 12 बजे से 2 बजे तक बंद रहते हैं आप इसका ध्यान रखते हुए अपना कार्यक्रम बनाएं। अयोध्या में सिर्फ सूर्य कुंड के पार्क और झूले के लिए प्रवेश टिकट लगता है इसके अलावा अन्य सभी स्थानों पर आपको निःशुल्क प्रवेश मिलेगा।
इस आर्टिकल को पढ़ने के लिए आपको बहुत बहुत धन्यावाद।
Disclaimer
हम इस आर्टिकल के कंटेंट के लिए मौलिकता का कोई दावा नहीं करते हैं। इस आर्टिकल को लिखते समय हमने अनेक वेबसाइटों और सोशल मीडिया श्रोतों का उपयोग किया है।
आभार
जिन वेबसाइटों और सोशल मीडिया श्रोतों का हमने उपयोग किया है हम उनके प्रति आभार व्यक्त करते हैं।